कोरोना हिमाचल: एक दिन में रिकॉर्ड 12 संक्रमितों की मौत, 108 पंहुचा मौत का आंकड़ा

0
8
कोरोना से मरने वालों की जानकारी
कोरोना से मरने वालों की जानकारी

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

शिमला। प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना से एक ही दिन में मरने वालों की संख्या ने पछले सारे रिकार्ड तोड़े हैं। आज एक ही दिन में कोरोना से मरने वालों की संख्या 12 पर पंहुच गई है। इसमें कांगड़ॉ में चार, शिमला व सोलन में तीन-तीन जबकि मंडी व सिरमौर में एक-एक मौत का मामला सामने ाया है। इसके अलावा आज 432 नए मामले भी सामने आए हैं।  कोरोना से मरने वालों की संख्या 108 पर पंहुच गई है।

मंडी के रामनगर के 89 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। मृतक की रैपिड टेस्ट में रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। वहीं, कांगड़ा में चार कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है। अंसोली मटौर के कोरोना संक्रमित 77 वर्षीय, जयसिंहपुर के 68 वर्षीय और पुराना कांगड़ा के 70 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। आलमपुर के 77 वर्षीय बुजुर्ग की भी मौत हो गई है। मृतक 17 सितंबर को बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। आईजीएमसी शिमला में दो महिलाओं समेत चार कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। इनमें से एक महिला शिमला और दूसरी नाहन की रहने वाली थी। शिमला के नजदीक रझाणा की 42 वर्षीय महिला को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था लेकिन महिला की पहले ही मौत हो गई। महिला कोरोना पॉजिटिव थी। महिला का दाह संस्कार कनलोग स्थित श्मशानघाट में किया गया है।

उधर, दूसरी ओर नाहन तहसील के चासी गांव की 61 साल की कोरोना पॉजिटिव महिला को बीते दिनों आईजीएमसी में उपचार के लिए लाया गया था। मृतक महिला को निमोनिया भी था। लेकिन इस बीच महिला को दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। रात को आईजीएमसी में यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष के 95 वर्षीय पिता की मौत हो गई। वहीं यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। इसके अलावा अस्पताल में एक और मरीज की मौत हो गई। सोलन जिले में दो कोरोना संक्रमित पुरुष और एक महिला ने दम तोड़ा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एमएमयू अस्पताल कुमारहट्टी में इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हुई। सभी कोरोना पॉजिटिव थे और इनकी स्थिति नाजुक थी। मृतकों में एक नालागढ़, एक परवाणू और एक पच्छाद क्षेत्र का बताया जा रहा है। जिले में कोरोना से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, यह प्रदेश में सर्वाधिक है।

वहीं प्रदेश में शुक्रवार को 303 नए मामले आए हैं। मंडी में 37, बिलासपुर 16, ऊना 60, कुल्लू 12, कांगड़ा 19, सिरमौर 37, सोलन 38, हमीरपुर 15, चंबा 15 और शिमला में 43 मामले आए हैं। नौ नए मामले आने के बाद रामपुर पुलिस स्टेशन को आगामी दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। डीएसपी रामपुर पुलिस थाने के कामकाज की वैकल्पिक व्यवस्था करेंगे। यहां व्यापार मंडल अध्यक्ष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। पुलिस थाना चौपाल के प्रभारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मालत गांव में एक पुरुष और चाड़च गांव की एक महिला कोरोना पॉजिटिव निकली है।

पुलिस चौकी जुन्गा में दो कांस्टेबल कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस चौकी को 24 सितंबर तक बंद कर दिया है। इसके अलावा विकासनगर, संजौली, भट्ठाकुफर, बिलासपुर, कृष्णानगर, ठियोग, मशोबरा, नेरवा, केएनएच,फागली, आईजीएमसी, ढली, चक्कर, डीडीयू, खनेरी, आनंदपुर से नए मामले आए हैं।  कुल्लू जिले में 12 पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें सेना के छह जवान भी शामिल हैं। प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 11622 पहुंच गया है। 4430 सक्रिय मामले हैं। अब तक 7054 मरीज ठीक हो चुके हैं।