आदर्श हिमाचल ब्यूरों
रोहड़ू । लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज इंदिरा गांधी खेल मैदान, रोहड़ू में आयोजित क्रिकेट क्रांति सीजन-5 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियाँ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि रोहड़ू क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने पर ठेकेदार पर पेनल्टी लगाई जाए। इसके अतिरिक्त डोडरा-क्वार सड़क निर्माण के लिए एक वर्ष की अवधि बढ़ाई गई है, ताकि यह सड़क हर मौसम में सुचारु रूप से उपयोग में लाई जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (फेज-4) के तहत रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से 21 सड़कों को स्वीकृति मिली है। प्रदेश सरकार संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और वर्तमान आर्थिक चुनौतियों के बावजूद विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है।
विधायक रोहड़ू मोहन लाल ब्राक्टा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोहड़ू नागरिक अस्पताल में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इस दौरान उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
6 टीमों ने लिया भाग
क्रिकेट क्रांति सीजन-5 में कुल 6 टीमों—नेक्स्ट जेन शराचली, कोटखाई रॉयल्स, नाइट हॉक्स रोहड़ू, फार्म सेंटर-11 जुब्बल, पराला सुपर किंग्स तथा नावर लीजेंड्स—ने भाग लिया। प्रतियोगिता 3 से 6 अप्रैल, 2026 तक आयोजित की गई।
इस अवसर पर हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पूर्व मंडल अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र रेटका, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा, डीएसपी प्रणव चौहान, संयोजक दिग्विजय रोनी चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।#CricketKranti #Rohru #VikramadityaSingh #HimachalNews #YouthPower #NashaMuktBharat #SportsForChange #HimachalPradesh #Development #DrugFreeIndia #CricketTournament #PositiveYouth #Rohrunews #SportsSpirit











