हिमाचल में प्री मानसून की एंट्री: शिमला में झमाझम बरसे बादल, लोगों को गर्मी से मिली राहत 

मौसम अलर्ट (सांकेतिक तस्वीर)
मौसम अलर्ट (सांकेतिक तस्वीर)

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

Ads

शिमला। हिमाचल प्रदेश में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। बुधवार शाम राजधानी शिमला सहित धर्मशाला, चंबा, कुल्लू, हमीरपुर और मंडी में बादल झमाझम बरसे, जबकि जिला चंबा में भरमौर और मणिमहेश की चोटियों पर बर्फबारी हुई।  बुधवार को सात जिलों सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, कांगड़ा और सोलन में दिन के समय लू चली। शाम को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में राहत की बौछारे बरसीं।

वीरवार और शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है। राजधानी शिमला में बुधवार शाम पांच बजे बादल उमड़ने के साथ तेज हवाएं चलीं और शहर में तेज बारिश हुई। करीब दो घंटे शहर में झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। कई जगह बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। प्रदेश में कई दिनों बाद हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी है।  मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि हिमाचल में 19 जून को कई क्षेत्रों में प्री मानसून की बारिश हुई है।