आदर्श हिमाचल ब्यूरो
आनी। भारतीय नरेंद्र मोदी संघ आनी ने आनी बाजार में बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय तथा कस्बे में यहां वहां बिखरी अवर्णीय गंदगी को लेकर सोमवार को संघ के जिलाध्यक्ष संजीव आर्यन की अध्यक्षता में एसडीएम आनी चेत सिंह तथा खंड विकास अधिकारी जीसी पाठक को एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमण्डल ने बताया कि 5 अक्टूबर 2020 को भारतीय नमो संघ ने एसडीएम आनी को एक ज्ञापन दिया था, जिसमें आनी बाजार के सार्वजनिक शौचालय में लटके तालों को खोलने व आनी कस्बे में कूड़े के लिए डम्पर और कूड़ेदान की व्यवस्था करना शामिल था। परंतु एक सप्ताह से ज्यादा समय बीत जाने पर भी न तो सार्वजनिक शौचालय को खोला गया है और न ही कूड़े के लिए कूड़ेदान और डंपर की व्यवस्था की गई है। संजीव आर्यन ने बताया कि 2 अक्टूबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान की शुरआत की थी। इस अभियान से पूरे देश में स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न हुई। पर आनी का प्रशासन अभी तक जागरूक नहीं हो पाया।
भारतीय नरेंद्र मोदी संघ ने प्रशासन को चेताया कि अगर स्वच्छ भारत अभियान की इसी तरह जानबूझ कर धज्जियां उड़ाई जाती रही तो भारतीय नरेंद्र मोदी संघ इसे सहन नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि आनी कस्बे के साथ लगती सभी पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी चेताया जाता है कि अगर कूड़े कचरे के लिए सही व्यवस्था नहीं की गई तो प्रशासन के साथ पंचायत जनप्रतिनिधियों का पूर्ण वहिष्कार किया जाएगा। आनी बाजार में बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय को खोलने के लिए सम्बंधित पंचायत को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं, जबकि कस्बे की गंदगी को ठिकाने लगाने के लिए भी जल्द व्यवस्था की जाएगी।