आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। कांग्रेस के पूर्व सचिव और राज्य शहरी परिवहन एवं बस अड्डा प्रबंधन प्राधिकरण के निदेशक बलदेव ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए हालिया निर्णयों की सराहना की है, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश हित में दूरदर्शी और जनकल्याणकारी कदम उठा रहे हैं।बलदेव ठाकुर ने बताया कि अस्थायी कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय हजारों परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करेगा। वहीं, परिवहन विभाग में डीज़ल-पेट्रोल टैक्सियों को इलेक्ट्रिक टैक्सियों से बदलने का फैसला प्रदेश को हरित राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान उन्होंने महापौर के कार्यकाल को बढ़ाने और पंचायती राज चुनावों को आगे करने के निर्णय को भी व्यावहारिक और प्रशासनिक दृष्टि से उचित बताया। उनका कहना था कि इससे स्थानीय निकायों में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी और चुनावी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी। बलदेव ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, पर्यावरण संरक्षण और कर्मचारी कल्याण को संतुलित रूप से आगे बढ़ा रही है, और ये कदम हिमाचल को आत्मनिर्भर एवं आधुनिक राज्य बनाने में मददगार साबित होंगे।











