विशेष बच्चों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान कर रही है सरकार : सुनील शर्मा बिट्टू

0
15

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

हमीरपुर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने टाउन हॉल में ‘पहचान’ संस्था के विशेष बच्चों के स्कूल के दसवें वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विशेष रूप से सक्षम बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विशेष रूप से सक्षम और बेसहारा बच्चों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रदेश सरकार ने इन बच्चों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर देश में एक मिसाल कायम की है।

इस दौरान सुनील शर्मा बिट्टू ने ‘पहचान’ संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे शुरुआत से ही इस संस्था से जुड़े हुए हैं। उन्होंने राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक नरेश ठाकुर और संस्था की अध्यक्ष चेतना शर्मा द्वारा स्कूल स्थापना के प्रयासों की भी प्रशंसा की है। उन्होंने संस्था को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य चेतना शर्मा ने स्कूल की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी और बताया कि मुख्यमंत्री ने बच्चों के लिए शैक्षिक भ्रमण हेतु 50,000 रुपये का प्रावधान किया है और समारोह में विशेष बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम में सीनियर सिटीजन काउंसिल ने सुनील शर्मा बिट्टू को सम्मानित किया। इस दौरान नरेश ठाकुर, नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन भारती समेत कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।