आदर्श हिमाचल ब्यूरों
बेंगलुरू| हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 11वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र सम्मेलन में भाग लेने के लिए बुधवार रात्रि लगभग 9:00 बजे कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू पहुँचे और उनके साथ हिमाचल विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार, सचिव यशपाल शर्मा एवं सचिवालय के तीन वरिष्ठ अधिकारी भी सम्मेलन में भाग लेने पहुँचे हैं। यह सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक कर्नाटक विधान सभा द्वारा विधान सौध एवं होटल ताज वेस्ट एंड में आयोजित किया जा रहा है। बेंगलुरू एयरपोर्ट पर कर्नाटक सरकार के अधिकारियों ने पठानिया और हिमाचल प्रतिनिधिमंडल का परंपरागत स्वागत किया।
इस दौरान सम्मेलन का भव्य उद्घाटन समारोह कर्नाटक विधान सौध में आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र के चेयरमैन एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश, विधान परिषद चेयरमैन बेसवराज होराटी, विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर फरीद, समेत देशभर से आए विभिन्न राज्यों के विधान मंडलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व चेयरमैन उपस्थित रहे।
इसी तरह विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 12 सितंबर को सम्मेलन को संबोधित करेंगे और एक सत्र का संचालन भी करेंगे। इस सम्मेलन के दौरान उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से भी शिष्टाचार भेंट की तथा हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा, विशेष रूप से भारी वर्षा और बादल फटने से हुए नुकसान, को लेकर चर्चा की, इस अवसर पर उपाध्यक्ष विनय कुमार भी उनके साथ उपस्थित रहे।