नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश काडर के सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी तरुण कपूर जल्द प्रधानमंत्री कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगे। 1987 बैच के हिमाचल काडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी तरुण कपूर को केंद्र में बड़ी जिम्मेवारी ते हुए प्रधानमंत्री के सलाहकार का दायित्व दिया गया है।
हिमाचल में सेवाएं देते हुए लोकप्रिय रहने के बाद तरुण कपूर ने केंद्र में भी अपनी सेवाएं दी जिसके बाद ये सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी जल्द ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सलाहकार की भूमिका निभाएंगे।
तरुण कपूर 1987 बैच के हिमाचल काडर के प्रशासनिक अधिकारी हैं और अपने कार्यकाल के दौरान वे हिमाचल में अतिरिक्त मुख्य सचिव रहे तो साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में बतौर उपायुक्त भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, और इसके अलावा उन्होंने ऊर्जा सचिव की भी भूमिका निभाई। तरुण कपूर भारत के पेट्रोलियम सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए। IAS तरुण कपूर दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
हिमाचल में बतौर अधिकारी काम करते हुए वे आज भी प्रदेश की जनता के बीच याद किए जाते हैं। उनकी योग्यता के कारण ही अब सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें बड़ी जिम्मेवारी मिली है। हिमाचल में रहते हुए उन्होंने पर्यावरण, वन, ऊर्जा, लोक निर्माण, आबकारी एवं कराधान, खाद्य एवं आपूर्ति विभागों का दायित्व निभाया था।
आईएएस तरुण कपूर के जीवन की पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में प्रथम श्रेणी में ग्रेजुएशन करने के बाद एमबीए किया। प्रशासनिक सेवा में चुने जाने के बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश काडर मिला। 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी तरुण कपूर हिमाचल प्रदेश और केंद्र में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं व उन्होंने पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन किया।