आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । राष्ट्रीय स्तर की CSSR (Collapsed Structure Search and Rescue) प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश SDRF का लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।
शिमला स्थित ओक ओवर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान विजेता SDRF टीम ने मुख्यमंत्री को प्रतिष्ठित ट्रॉफी भेंट की। मुख्यमंत्री ने टीम के सदस्यों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि, समर्पण और साहस के लिए बधाई देते हुए कहा कि छोटे राज्य का राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करना सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में राज्य में प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ी हैं, विशेषकर 2023 और 2025 में भारी नुकसान हुआ। ऐसे समय में SDRF, होम गार्ड्स, अग्निशमन विभाग और सिविल डिफेंस ने लोगों की जान बचाने और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होम गार्ड वॉलंटियर मैनेजमेंट सिस्टम का उद्घाटन भी किया, जिससे स्वयंसेवकों के समन्वय और कार्यक्षमता में सुधार होगा। साथ ही फायर सेफ्टी कोड 2026 की समीक्षा भी की गई, जो राज्य में सुरक्षा मानकों को और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने SDRF टीम के सभी सदस्यों को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि यह टीम 9 से 11 मार्च 2026 तक गाजियाबाद में आयोजित राष्ट्रीय CSSR प्रतियोगिता में भाग लेकर प्रथम स्थान पर रही। प्रतियोगिता में 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की 30 टीमों ने हिस्सा लिया।
हिमाचल SDRF ने मात्र 41 मिनट में प्रतियोगिता पूरी कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया। अंतिम परिणामों में हिमाचल प्रदेश प्रथम, उत्तर प्रदेश द्वितीय और आंध्र प्रदेश तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, महापौर सुरेंद्र चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।आपदा प्रबंधन में हिमाचल की बड़ी उपलब्धि, SDRF ने रचा नया कीर्तिमान
#AadarshHimachal #SDRF #HimachalPride #DisasterManagement #Shimla #CMsukhu #RescueTeam #India











