आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। औद्योगिक सुधारों और निवेश-अनुकूल नीतियों के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहे हिमाचल प्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य को भारत सरकार के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा संचालित बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान (BRAP) – 2024 के तहत “टॉप अचीवर राज्य” के रूप में सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि को राज्य सरकार की निवेशकों को उनके दरवाजे पर सुगम सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया, उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में राज्य सरकार ने निवेशक हितैषी सुधार और पारदर्शी, कुशल और अनुकूल व्यवसायिक वातावरण विकसित करने के लिए अनेक पहलें की हैं। राज्य को यह सम्मान तीन प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए दिया गया, कंस्ट्रक्शन परमिट एनब्लेर्स, क्षेत्र-विशेष स्वास्थ्य और सेवा क्षेत्र।
इस दौरान उद्योग और वाणिज्य मंत्री, पीयूष गोयल ने यह पुरस्कार उद्योग समागम 2025 के दौरान प्रदान किया। हिमाचल प्रदेश की ओर से यह सम्मान अजय यादव, आईपीएस और रचित शर्मा, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, सिरमौर ने ग्रहण किया। BRAP – 2024 में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 25 सुधार क्षेत्रों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें व्यवसाय प्रारंभ, निर्माण अनुज्ञा, श्रम नियमन, भूमि प्रशासन, पर्यावरणीय पंजीकरण, सेवा क्षेत्र और क्षेत्र-विशेष सेवाएँ शामिल थीं। “टॉप अचीवर” का दर्जा उन राज्यों को दिया गया जिन्हें 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त हुए। हिमाचल ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर यह उपलब्धि दर्ज की इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) आर.डी. नज़ीम ने कहा कि राज्य ने अनुमतियों के डिजिटलीकरण और जवाबदेही को सुदृढ़ कर निवेशकों के लिए विश्वसनीय औद्योगिक वातावरण तैयार किया है। निदेशक उद्योग डॉ. यूनुस ने कहा कि यह सम्मान व्यवसाय सुधारों को और प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
इसी तरह औद्योगिक निवेश और सेवा डिजिटलीकरण के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने अनेक सुधारात्मक कदम उठाए हैं। सिंगल विंडो (निवेश प्रोत्साहन एवं सुविधा) अधिनियम, 2018 के तहत एकीकृत ऑनलाइन प्रणाली शुरू की गई है, जिसमें 150 से अधिक सेवाएँ ऑनलाइन उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट पॉलिसी 2019, एमएसएमई नीति 2023 और स्टार्टअप नीति 2022 के कार्यान्वयन से नवाचार और रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यह सम्मान मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार के सुधार-उन्मुख शासन और निवेशक-हितैषी दृष्टिकोण का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि राज्य का लक्ष्य है कि प्रत्येक सुधार उद्यमियों और एमएसएमई के लिए वास्तविक सुविधा प्रदान करे और हिमाचल प्रदेश को निवेशक मित्र हब के रूप में विकसित किया जाए।











