हिमाचल की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग HPCPL सीजन 4 शुरू, ऋषि धवन समेत कई बड़े खिलाड़ी शामिल

0
1

आदर्श हिमाचल ब्यूरो 

शिमला । हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग प्रो HPCPL सीजन 4 का आगाज़ हो चुका है। लीग के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अब लगभग पूर्ण हो चुकी है, जिसमें 600 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। इस सीजन में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें प्रमुख नाम Rishi Dhawan का है, जो इस बार शिमला रॉयल्स टीम से जुड़े हुए हैं।

 

 

इस वर्ष लीग में लगभग 20 फ्रेंचाइजी टीमें भाग ले रही हैं, जो प्रदेश के विभिन्न जिलों और शहरों का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह चौथा संस्करण पहले से अधिक भव्य और प्रतिस्पर्धात्मक होने जा रहा है।पुरस्कार राशि की बात करें तो इस बार विजेता टीम को 14 लाख रुपये, उपविजेता को 7 लाख रुपये, जबकि दोनों सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को 2-2 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।

 

इसके अतिरिक्त श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 55 हजार रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा। वहीं खिलाड़ियों की नीलामी के माध्यम से लगभग 30 लाख रुपये तक की राशि वितरित की जाएगी। कुल मिलाकर इस सीजन में लगभग 60 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

 

पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद खिलाड़ियों के चयन परीक्षण आयोजित किए जाएंगे, जिसके तुरंत बाद नीलामी प्रक्रिया संपन्न होगी।

 

 

प्रो HPCPL के संस्थापक Ajay Thakur, Abhay Thakur, Vinu Diwan और Sumit Sehgal ने बताया कि लीग के पिछले तीनों संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। पहला सीजन शिमला के भराड़ी क्षेत्र में, दूसरा मोहाली में तथा तीसरा पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल परिसर में आयोजित हुआ था।

 

इस बार सीजन 4 का आयोजन शिमला के चर्चित क्रिकेट मैदान में किया जाएगा, जिसे हाल ही में तीन युवाओं द्वारा विकसित किया गया है। यह मैदान प्रदेश में पेशेवर क्रिकेट ढांचे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

संस्थापक अजय ठाकुर ने कहा कि प्रो HPCPL का उद्देश्य हिमाचल के खिलाड़ियों को एक बड़ा और पेशेवर मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सीजन 4 में खिलाड़ियों और टीमों से मिली प्रतिक्रिया इस लीग के बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है।

 

 

प्रो HPCPL सीजन 4 को लेकर प्रदेश के खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, और यह लीग हिमाचल में खेल के एक नए युग की शुरुआत करने जा रही है।