आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला/कुल्लू।नवनिर्वाचित सांसद Anurag Sharma ने कुल्लू के अटल सदन में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश का बजट संतुलित, समावेशी और दूरदर्शी है, जिसमें किसान, युवा, महिला, कर्मचारी और उद्यमी सहित समाज के हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन, शिक्षा सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा पर्यटन विकास पर दिए गए फोकस की सराहना की।
सांसद ने मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि डेयरी, कृषि और बागवानी को बढ़ावा, महिलाओं के कल्याण, युवाओं के कौशल विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे निर्णय प्रदेश की समग्र प्रगति में सहायक होंगे।
उन्होंने कहा कि बजट में ग्रीन एनर्जी, डिजिटल गवर्नेंस और आईटी एवं इनोवेशन पर दिया गया जोर हिमाचल को भविष्य के लिए तैयार करेगा और आर्थिक सशक्तिकरण के साथ सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूती देगा।
सांसद अनुराग शर्मा ने बीड़-बिलिंग और मनाली की पैराग्लाइडिंग साइट्स को लेकर दिए गए एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह तथ्यों से परे और भ्रामक है, जो प्रदेश की सुदृढ़ पर्यटन छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश सरकार एडवेंचर स्पोर्ट्स को सुरक्षित, नियंत्रित और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षा मानकों को निरंतर मजबूत किया जा रहा है, पायलट्स को उन्नत प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा आधुनिक तकनीक से मौसम की निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। आपात स्थिति में प्रशिक्षित रेस्क्यू टीमें तत्काल राहत कार्य करती हैं।
उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग स्थल न केवल पर्यटन का केंद्र हैं, बल्कि हजारों स्थानीय परिवारों की आजीविका का आधार भी हैं। पायलट्स, गाइड्स, होटल व्यवसायी और अन्य वर्ग इस उद्योग से सीधे जुड़े हैं।
सांसद ने बताया कि वर्ष 2002 में “एचपी एयरो स्पोर्ट्स रूल्स” अधिसूचित किए गए थे, जिनमें समय-समय पर संशोधन कर उन्हें और मजबूत बनाया गया है तथा वर्तमान में उनका सख्ती से पालन किया जा रहा है। प्रदेश में लगभग 1200 पायलट्स पंजीकृत हैं, जिनके लाइसेंस, मेडिकल जांच और प्रशिक्षण नियमित रूप से किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि टेंडम उड़ानें केवल अनुमोदित ग्लाइडर्स में ही संचालित होती हैं और उपकरणों का वर्ष में दो बार निरीक्षण किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक किसी भी दुर्घटना का कारण उपकरणों की खराबी नहीं रही है, जो सुरक्षा व्यवस्था को दर्शाता है।
पिछले तीन वर्षों में एक विश्व कप सहित दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कर प्रदेश ने अपनी वैश्विक पहचान को और सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम है।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एडवेंचर स्पोर्ट्स को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और वे संसद में RDG, मनरेगा सहित जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते रहेंगे।
📢
#अनुराग_शर्मा #हिमाचल_बजट #हिमाचल_सरकार #सुखविंदर_सिंह_सुक्खू #पर्यटन #पैराग्लाइडिंग #बीड़_बिलिंग #मनाली #DevBhoomi #HimachalPradesh #Tourism #AdventureSports #BreakingNews











