आदर्श हिमाचल ब्यूरो
आनी । क्षेत्र के प्रसिद्ध देवालय शमशरी महादेव मन्दिर में शुक्रबार को बैसाखी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। वहीं आनी के भिन्न-भिन्न मन्दिरों में बैसाखी का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुबह से ही कतार लगी रही। लोगों ने पकवान बनाकर अपने आराध्य को अर्पित किए और पड़ोसियों को भी वितरित किए। जौ अनाज की बाड़ी (पकवान) को शरीर से स्पर्श किया और वर्षभर निरोगी रहने की भगवान से प्रार्थना की। सुबह श्रद्धालुओं ने पवित्र स्थलों पर जाकर करके हर-हर महादेव के घोष के साथ स्नान किया।
लोगों ने जौ की बाड़ी से शरीर को स्पर्श कर उसे नदियों में प्रवाहित किया। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद उन्होंने देव स्थलों के पौराणिक मंदिर में जलार्पण किया। काल भैरवनाथ और शिव मंदिरों तथा माता के मंदिरों में पूजा अर्चना की गई।
बैसाखी पर्व के मौके पर आनी खंड के मंदिर शमशर महादेव. देवी देउरी दुर्गा माता,पनेऊ नाग. बीनणी,कुंईरी महादेव, बैहनी महादेव तथा कुईकांडा बिंगली नाग आदि मंदिरों को विशेष तरीके से सजाया गया। वहां पूजा पाठ व भजन कीर्तन पाठ किए गए। वहीं मन्दिरों में नए अनाज का शुभारंभ किया गया। लंगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भक्त हरीश शर्मा, किशन ठाकुर, धीरज शर्मा, राजकुमार शर्मा सहदेव ठाकुर, किशोर कपूर, हर्ष कुमार , हरवंश भारद्वाज तथा महेंद्र सिंह शर्मा आदि ने प्रसाद वितरित किया।बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य पर मंदिर में पूजा अर्चना के बाद अमुक देवता के गुर से प्रश्न आदि भी पूछे गए। शमशरी महादेव के कादार सन्तोष कुमार ठाकुर ने बताया कि आनी के सभी देव स्थलों में सुबह से ही मंदिरों में लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों ने देवालयों में शीश नवाकर देवी देवताओं से परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।