आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला/ठियोग| भारतीय जनता पार्टी जिला महासू की बैठक का आयोजन अध्यक्ष अरुण फालटा की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, चेतन ब्रागटा, अजय श्याम, शशि बाला, कौल नेगी, इंदु वर्मा, नरेश शर्मा, सुशील कड़शोली, राकेश डोगरा, संजय वर्मा और हरि चंद डोगरा शामिल थे।
इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से अग्रसर है और वैश्विक मंच पर देश की साख में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने भारत को किसी भी अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकने नहीं दिया, उन्होंने कहा कि भारत आज अमेरिका जैसी महाशक्तियों को भी अपनी शर्तों पर बातचीत करने को बाध्य कर रहा है, जो प्रधानमंत्री की सशक्त कूटनीति का प्रमाण है।
उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को देश के लिए एक गौरवपूर्ण लक्ष्य बताया और कहा कि यह सपना पीएम मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। भारत आज आर्थिक, तकनीकी और कूटनीतिक मोर्चों पर आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार प्रगति कर रहा है। हिमाचल प्रदेश की स्थिति पर चिंता जताते हुए कश्यप ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा में कांग्रेस सरकार पूरी तरह से विफल रही है। विशेष रूप से सेब उत्पादक किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है, क्योंकि उनकी फसलें मंडियों तक नहीं पहुंच सकीं और पेड़ों पर ही खराब हो गईं।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर आपदा प्रबंधन में नाकामी और किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। इसके विपरीत, उन्होंने केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल के विकास को प्राथमिकता दी है। सुरेश कश्यप ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित और समृद्ध राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।