आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 68वें राष्ट्रमंडल अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के उपरांत कल स्वदेश लौटेंगे। यह सम्मेलन 5 से 12 अक्तूबर, 2025 तक बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाउन में आयोजित किया गया था। विधानसभा अध्यक्ष पठानिया 29 सितंबर की मध्य रात्रि को लंदन के लिए रवाना हुए थे और दो दिवसीय प्रवास के उपरांत ब्रिजटाउन पहुंचे थे। भारतीय प्रतिनिधि के रूप में सम्मेलन में भाग लेते हुए उन्होंने तीन महत्त्वपूर्ण विषयों “लोकतंत्र को समर्थन देने के लिए संस्थाओं को सशक्त बनाना”, “जलवायु परिवर्तन एवं वैश्विक स्वास्थ्य संकट स्थायी समाधान” और “राष्ट्रीय बनाम प्रादेशिक विधानमंडल शक्तियों के पृथक्करण का संरक्षण” पर सारगर्भित संबोधन दिया।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में भारत को विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि भारत का वर्तमान स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है और आज वह विश्व के अग्रणी तीन-चार देशों की श्रेणी में गिना जाता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल तकनीकों के उपयोग में अग्रणी बन चुका है। पठानिया ने बताया कि भारतीय संसदीय प्रणाली अब पूर्णतः डिजिटल हो चुकी है, जिससे संघीय ढांचे में पारदर्शिता और कार्यकुशलता में वृद्धि हुई है, विधानसभा अध्यक्ष कल लंदन से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे और 15 अक्तूबर की सायं शिमला पहुंचेंगे।