जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को सौंपा अपना इस्तीफा, जीत पर दी कांग्रेस को बधाई

कहा, जनादेश का सम्मान, हार के कारणों का करेंगे विश्लेषण 

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

Ads

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले जनादेश पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पार्टी को बधाई दी है। उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा भी सौंप दिया है। इससे पहले उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को हिमाचल में और भाजपा को गुजरात में जीत की बधाई दी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि वह चुनाव में मिले जनमत का सम्मान करते हैं। प्रदेश की जनता का आभारी हूं कि उन्होंने पूरे 5 साल मुझे सेवा करने का मौका दिया। प्रदेश के विकास और लोगों की सेवा के लिए मैंने बेहतर काम करने की कोशिश की। चुनाव से लेकर मतगणना तक उन्होंने अपना सकारात्मक सहयोग दिया है।

सीटों के आंकड़े में कांग्रेस आगे, वोटों का अंतर महज 1%
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीटों के आंकड़े में बेशक कांग्रेस आगे हो, लेकिन मतों का अंतर महज 1% का रहा है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी की जनता का आभार जताते हुए कहा है कि हिमाचल के इतिहास में उनकी जीत का मार्जिन अब तक का सबसे बड़ा अंतर रहा है। वह बहुत कम समय अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों को दें सके, बावजूद इसके उन्होंने भारी बहुमत दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में भाजपा को मिली हार के कारणों का पार्टी विश्लेषण करेगी। इसे कैसे बेहतर किया जा सकता है, इस पर चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व भी अपने स्तर पर विश्लेषण करेगी। तुरंत निष्कर्ष पर नहीं निकलेंगे, पहले कारणों का पता लगाया जाएगा।

कांग्रेस के नेताओं को चंडीगढ़ ले जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को हम से नहीं खुद से डरने की जरूरत है।