राज्य चयन आयोग के गठन से युवाओं के साथ होगा न्याय – निशांत शर्मा

कहा....भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका था कर्मचारी चयन आयोग 

0
3
निशांत शर्मा
निशांत शर्मा

बोले….. प्रदेश सरकार ने आपदा पीड़ितों को दी बड़ी राहत, भाजपा ने की केवल राजनीति, आपदा में भाजपा के केंद्रीय नेताओं ने भी हिमाचल में किया मात्र सैर-सपाटा 

आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला।  युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता निशांत शर्मा ने आपदा राहत पैकेज व राज्य चयन आयोग के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद करते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार ने न केवल आपदा से प्रभावित जनता के आंसू पोंछने का काम किया है, बल्कि उनमें जीने की नई उम्मीद भी जगाई है। उन्होंने कहा कि आपदा ने पूरे प्रदेश की जनता को गहरे जख्म दिए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने परिवार के मुखिया होने के नाते सभी के दुःख दर्द को बांटा भी और मरहम भी लगाया।
निशांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में किसी मुख्यमंत्री ने पहली बार इतना बड़ा राहत एवं पुनर्वास पैकेज दिया है, जिसकी राजनीति से ऊपर उठकर तारीफ होनी चाहिए, लेकिन भाजपा के नेता इसमें भी राजनीति के अवसर तलाश रहे हैं जोकि बेहद दुखद है। रविवार को शिमला से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को ऐसी घड़ी में अपने केंद्र के इंजन से मदद की जोरदार वकालत करनी चाहिए थी, लेकिन भाजपा नेता उसमें भी असफल रहे और आपदा प्रभावित प्रदेश की अपनी जनता की मदद करने की बजाय राज्य सरकार की ओर से दी जा रही मदद पर भी राजनीति कर रहे हैं जोकि बेहद शर्मनाक है। उन्होंने व्यंग्य कसते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में भी भाजपा के केंद्रीय नेता हिमाचल केवल सैर-सपाटा करने ही आए।
अब पूरी पारदर्शिता से होगी भर्तियां …..
निशांत शर्मा ने राज्य चयन आयोग पर कहा कि अब तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों की भर्तियां पूरी पारदर्शिता से सुचारू रूप से होगी तथा प्रदेश के युवाओं के साथ न्याय होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में कर्मचारी चयन आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका था। उस समय यहां पेपर बिकते रहे, लेकिन तत्कालीन भाजपा सरकार बेखबर रही। वर्तमान सुक्खू  सरकार ने कर्मचारी चयन आयोग को न केवल भंग किया, बल्कि नए सिरे से आयोग का गठन किया। अब बेरोजगार युवाओं से भेदभाव नहीं होगा और हजारों पदों की भर्तियां पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्ष तरीके से होगी। निशांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग का ध्यान रखकर काम कर रही है तथा आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश आने वाले समय में नई बुलंदियों पर पहुंचेगा।