कुल्लू: कुल्लू जिला के कन्याल में सोमवार को कुल्लू-कन्याल बस सेवा को हरी झंडी दिखाते हुए शिक्षा, कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने इसे स्थानीय जनता के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा की शुरुआत से हजारों लोगों को फायदा होगा और दर्जनों गांवों के लोगों को आने जाने की सुविधा मिलेगी। शिक्षा और कला संस्कृति मंत्री ने कहा कि कन्या, छलाल, मढ़ी, रांगड़ी, सिमसा आदि गांवों के लोगों को इस बस सेवा से विशेष तौर पर लाभ मिलेगा। ये बस सेवा न होने से इन गांवो के लोगों को टैक्सी आदि से सफर कर पैसा खर्च करना पड़ रहा था लेकिन अब लोगों को इससे राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्कूल जाने वाले छात्रों, बुजुर्गों और महिलाओं इस बस सेवा से विशेष तौर पर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर महिलाओं को बस सेवा से लाभ होगा क्योंकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाल ही में बस किराया आधा करने की घोषणा की है जिसे प्रदेश सरकार अमल में ला रही है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि उक्त बस सेवा कन्याल से सुबह 9 बजे शुरु होगी और सांय 5 बजे मनाली से बस वापस आएगी। मंत्री ने रांगडी तक का सफर इस बस के माध्यम से किया। इस मौके पर स्थानीय पंचायत प्रधान दिले राम, महिला मोर्चा मनाली मंडल अध्यक्ष जिंदू ठाकुर, महिला मंडल प्रधान दुर्गा ठाकुर सहित अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।