कुलदीप पठानियां ने पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया।

0
9

आदर्श हिमाचल ब्यूरों 

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने चिन्तपूर्णी के पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। अपने शोक सन्देश में पठानियां ने कहा कि गणेश दत्त भरवाल संगठन से जुड़े नेता थे तथा उनका जीवन सदैव संघर्ष पूर्ण रहा।

 

 

पठानियां ने कहा कि वह पार्टी के एक जुझारू तथा कर्मठ कार्यकर्ता थे तथा अपने सादेपन से लोगों में काफी लोकप्रिय थे। उन्होने वर्ष 1968 में क्षयरोग स्वास्थ्य सेवा कर्मी के रूप में अपने लिए अजिविका शुरू की थी लेकिन दो वर्ष पश्चात वर्ष 1970 में उन्होने सरकारी नौकरी त्याग कर काँग्रेस पार्टी के लिए एक सक्रिय युवा काँग्रेस कार्यकर्ता के रूप में कार्य आरम्भ किया। वह वर्ष 1985 में भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े तथा विजयी हुए थे। वह एक बार ही विधान सभा सदस्य रहे।

 

विधान सभा अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है तथा शोकाकुल परिवार को इस दु:ख को सहन करने की परमात्मा से प्रार्थना की है।
विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने भी पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है तथा दिवंगत आत्मा की शान्ति की प्रार्थना की है।