राष्ट्रमंडल सम्मेलन से लौटे कुलदीप सिंह पठानियां, दौरा रहा सफल

0
5

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां के 16 दिवसीय विदेश दौरे से स्वदेश लौटने के उपरांत उनके शिमला स्थित कार्यालय पहुंचने पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां, विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा गुलदस्ते भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गौरतलब है कि विधानसभा अध्यक्ष 29 सितम्बर को 68वें राष्ट्रमंडल अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिल्ली से लंदन और फिर बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाउन रवाना हुए थे, इस सम्मेलन में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर अपनी राय रखी।

इस दौरे के संबंध में जानकारी साझा करते हुए पठानियां ने कहा कि यह यात्रा बेहद सफल, शिक्षाप्रद और ज्ञानवर्धक रही है। उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना गौरव का क्षण था और उन्हें बारबाडोस संसद में सम्मेलन के दौरान विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने आगे कहा कि इस यात्रा से मिले अनुभव का उपयोग आने वाले समय में प्रदेश और देशहित में सार्थक रूप से किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस दौरे में उनके साथ गए विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार तथा विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी गत रात्रि स्वदेश लौट चुके हैं।