रामचंद्र चौक पर भूस्खलन से भारी तबाही, भाजपा नेताओं ने किया निरीक्षण

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। बेनमौर वार्ड के रामचंद्र चौक के समीप हाल ही में हुए भूस्खलन से हुए भारी नुकसान का शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान, भाजपा प्रत्याशी संजय सूद, प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष संजीव दृष्टा, पूर्व पार्षद किमी सूद, शुभ महाजन, पीयूष नेगी और जोगिंदर चौहान मौके पर मौजूद रहे।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने मौके पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से अविलंब राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की है| उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं और प्रशासन को यहां 24 घंटे निगरानी रखने की आवश्यकता है। भाजपा प्रत्याशी संजय सूद ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर भूस्खलन हुआ था, लेकिन उसके बावजूद डंगे निर्माण में लापरवाही बरती गई। लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं किया गया, जिसका खामियाजा जनता को दोबारा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और संबंधित अधिकारियों से कड़ी पूछताछ की जानी चाहिए।

इसी के साथ प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने भी कहा कि रामचंद्र चौक पर जो क्षति हुई है, उसकी मरम्मत में लंबा समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम के बीच समन्वय की कमी के चलते मरम्मत कार्य में देरी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जो लोग अभी भी प्रभावित क्षेत्र में रह रहे हैं, उन्हें तुरंत सरकारी मकानों में स्थानांतरित किया जाए। यह स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग है और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।