धर्मपुर में बाढ़ से 10 करोड़ का नुकसान, उप-मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की समीक्षा की

0
21

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

मंडी| उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र में सोन खड्ड में आई बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का मौके पर जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा एवं मूल्यांकन किया। उप-मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार, धर्मपुर में बाढ़ और भारी वर्षा के कारण सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को लगभग 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। विशेष रूप से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को लगभग 6 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। निगम की 20 बसें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें 18 धर्मपुर डिपो, एक सरकाघाट और एक बिलासपुर डिपो की है, इसके अतिरिक्त धर्मपुर बस अड्डे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि निगम का स्टाफ सुरक्षित है।

इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि जलशक्ति विभाग की कई योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जबकि खंड विकास कार्यालय के सभी कंप्यूटर, रिकॉर्ड और फर्नीचर आदि को भी भारी क्षति पहुंची है। इसके साथ ही सड़कें, बिजली बोर्ड सहित अन्य सार्वजनिक अवसंरचना और लोगों की निजी संपत्तियां भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बस योग्य सड़कों को एक सप्ताह के भीतर बहाल किया जाए और साथ ही बिजली आपूर्ति को भी शीघ्र पूर्ण रूप से बहाल करने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो बसें बस अड्डे से बाहर थीं, उनके माध्यम से मुख्य सड़क मार्गों पर परिवहन सेवाएं बहाल की जाएं। इससे पूर्व उन्होंने धर्मपुर बस अड्डे और आसपास के बाजार क्षेत्र में हुए नुकसान का दौरा किया और प्रभावित लोगों से संवाद करते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठनिया, विधायक चंद्रशेखर, कविता शेखर, एसपी साक्षी वर्मा, एडीएम डॉ. मदन कुमार, एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल, एचआरटीसी बीओडी सदस्य धर्मेन्द्र धामी, मुख्य अभियंता जलशक्ति रोहित दुबे, पीडब्ल्यूडी के प्रमोद कश्यप, विद्युत विभाग के एक्सईएन संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।