आदर्श हिमाचल ब्यूरो,
शिमला। कांग्रेस के स्टार प्रचारक व कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग की आवाज है और पहले की तरह आम जन की आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में आखिरी कील ओपीएस कर्मचारी लगाएंगे। वे बुधवार शाम शिमला विधानसभा हलके के तहत संजौली में कांग्रेस उम्मीदवार हरीश जनारथा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हरीश जनारथा को विधायक बनाना उनके पिता स्व. वीरभद्र सिंह का सपना था। उन्होंने शिमला शहरवासियों से अपील की कि हरीश जनारथा को भारी मतों से विजयी बनाएं।
जनारथा को शहर का विधायक बनाने की अपील
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव को 48 घंटे रह गए हैं और चुनाव में खुद को पिछड़ते देख बीजेपी नेता बौखला गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब बौखलाहट में भाजपा नेताओं ने पैसा और शराब बांटना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो मर्जी कर ले, फिर भी 8 दिसंबर को कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही ओपीएस को लागू किया जाएगा। हर महिला के खाते में हर माह 15 सौ रुपए आएंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इन चुनावों में शिमला शहर का ही नहीं, पूरे प्रदेश का इतिहास लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हरीश जनारथा का शिमला के हर घर से नाता है और उन्होंने पूर्व वीरभद्र सिंह सरकार के समय शिमला शहर का बहुत विकास करवाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में हुए विकास के दम पर सत्ता में आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में पिछड़ चुकी है। अब बौखलाहट में भाजपा क्षेत्रवाद का जहर घोलने जा रही है, लेकिन शिमला शहर की जनता इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने मतदाताओं को विश्वास दिया कि शिमला शहर की सभी समस्याओं का वे मिलकर निराकरण करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की जीएसटी की दिक्कतों को कांग्रेस दूर करेगी। शिमला शहर में दुकानदारों के लिए पार्किंग में अलग से स्थान आरक्षित रखे जाएंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस पार्टी वीरभद्र सिंह मॉडल पर कार्य करेगी और विकास के मार्ग पर अग्रसर होगी। उन्होंने कहा कि जो-जो वादे कांग्रेस ने किए हैं उसे हर कीमत पर लागू किया जाएगा। उन्होंने फिर दोहराया कि बीजेपी जितना मर्जी कोशिश कर ले, हिमाचल से भाजपा का जाना तय है और यहां कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। इस मौके पर कांग्रेस उम्मीदवार हरीश जनारथा ने भी जनसभा को संबोधित किया और मतदाताओं से उन्हें सेवा का एक मौका देने का आग्रह करते हुए हाथ चुनाव चिन्ह पर मतदान की अपील की।