आदर्श हिमाचल ब्यूरों
ऊना। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा देने वाला माता चिंतपूर्णी महोत्सव इस वर्ष 14 से 16 नवंबर तक श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा, यह जानकारी उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने दी। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव आस्था, संस्कृति और समृद्धि का अद्वितीय संगम बनकर प्रदेश की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त करेगा। इस आयोजन के दौरान सांस्कृतिक संध्याएं, लोक-कलाओं की प्रस्तुतियां, खेल प्रतियोगिताएं और जन सहभागिता कार्यक्रम हिमाचल की जीवंत लोक-संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि ऊना जिला प्रशासन महोत्सव की तैयारियों में पूर्ण निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ है। सभी विभागों की टीमें गठित की जा चुकी हैं और आवश्यक तैयारियों को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि यह आयोजन सुव्यवस्थित और अविस्मरणीय बने। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 26 से 28 सितम्बर तक अंब मैदान में आयोजित महोत्सव का प्रथम संस्करण अत्यंत सफल रहा था। इस आयोजन ने न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित किया, बल्कि इसे प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कैलेंडर में एक विशेष स्थान भी प्राप्त हुआ।
वहीं, माता चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी प्रयास के तहत माता चिंतपूर्णी महोत्सव को शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी यह महोत्सव श्रद्धा और संस्कृति का पर्व होने के साथ साथ क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटनगत प्रगति को नई दिशा प्रदान करेगा।











