महिला कांग्रेस का सदस्यता अभियान तेज़, सुरभि वर्मा ने दिए संगठन विस्तार के निर्देश

0
5

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी सुरभि वर्मा ने प्रदेश में महिला कांग्रेस के सदस्यता अभियान को तेज करने और अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने जिला और ब्लॉक स्तर पर महिला कांग्रेस के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए सदस्यता अभियान के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए सुरभि वर्मा ने कहा कि उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है और यह उनका प्रदेश का पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉकों का दौरा कर महिला कांग्रेस को और मजबूत बनाएंगी, उन्होंने महिला कांग्रेस के कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने के अपने लक्ष्य को दोहराया।

इस दौरान सुरभि वर्मा ने प्रदेश महिला कांग्रेस की सभी सदस्यों से कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए जुटने और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने सुरभि वर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे किए जाते हैं। उन्होंने प्रदेश की जटिल भूगोलिक परिस्थितियों के बावजूद महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की है। जैनब चंदेल ने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचारों और दुष्कर्म के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएं और अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई में पीछे न हटें।