आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोगों को रेलवे कनेक्टिविटी की सुविधा से जोड़ने के लिए बंदे भारत बस सेवा शुरू की है। यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अम्ब-अंदोरा रेलवे स्टेशन से बंदे भारत बस सेवा को हरी झंडी दिखाने के उपरांत कही। उन्होंने कहा कि बंदे भारत बस सेवा ऊना ज़िला के साथ-साथ पड़ोसी ज़िला काँगड़ा के लोगों को रेलवे कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए अहम सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह पहली हाईटेक वोल्वो डीलक्स बस सेवा है जोकि टूरिज्म के माध्यम से चलाई जा रही है । उन्होंने बताया कि यह बस प्रातः 8 बजे पालमपुर से चलेगी तथा नगरोटा, कांगड़ा व देहरा होते हुए 11 बजे अंब-अंदोरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि बंदे भारत ट्रेन से आने वाले यात्री ज़ोकि देहरा, कांगड़ा नगरोटा पालमपुर को जाएंगे वे इस बस सेवा के माध्यम से वापिस अपने गंतव्यों पर पहुँचेंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोगों को बंदे भारत बस सेवा की सुविधा लगातार मिलेगी। इस बस सेवा के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा के चलने से कांगड़ा जिला के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। कांगड़ा जिला के लोगों को वंदे भारत ट्रेन में जाने के लिए यह बस सेवा काफ़ी लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले कांगड़ा जिला के लोगों को वंदे भारत ट्रेन को पकड़ने के लिए निजी गाड़ी या टैक्सी लेकर अंब पहुंचना पड़ता था। लेकिन अब इस बस के चलने से लोगों को काफी लाभ मिलेगा। इससे लोगों के धन और समय दोनों की बचत होगी तथा टूरिज्म क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।