आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने नारकंडा के समीप हुए सड़क हादसे में घायल हुए लोगों का आईजीएमसी शिमला में जाकर कुशलक्षेम जाना। उन्होंने घायलों से मिलकर उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने बताया कि कुमारसैन और रामपुर प्रशासन तथा जिला प्रशासन के अधिकारी निरंतर घायलों की देखरेख में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सभी घायलों को बेहतर उपचार व स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और इसके लिए डॉक्टरों की विशेष टीम घायलों की लगातार निगरानी कर रही है।
इसी प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात नारकंडा के पास एक टेम्पो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें कुल 33 लोग सवार थे। ये सभी नेपाली मूल के व्यक्ति थे। दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को सिविल अस्पताल कुमारसैन ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल 16 लोगों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया, जिनमें 8 महिलाएं, 7 पुरुष और 1 बच्चा शामिल है। अन्य 17 घायलों का उपचार के बाद सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस दौरान उपायुक्त अनुपम कश्यप के साथ अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, डीएसपी नरेश शर्मा, तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।











