आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर नेहरू जी के स्वतंत्रता संग्राम और आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को याद किया गया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि नेहरू जी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करते हुए देश में पार्टी की नींव रखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस विचारधारा के प्रचार प्रसार में आगे आएं और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा में पीछे न हटें।
इस दौरान जैनब चंदेल ने बच्चों के प्रति नेहरू जी के प्रेम और उनके द्वारा बाल दिवस के रूप में 14 नवंबर को मनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेहरू जी के दिखाए मार्ग पर चलना ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विनीत गौतम, आनंद कौशल, नरेंद्र कंवर, एस के सेहगल, राजेश शर्मा, पूर्ण चंद, चेतराम, प्रभा वर्मा, पुष्पा शोभटा, उमा शर्मा, कृष्णा जरयाल, एनएसयूआई के अभिनंदन ठाकुर टोनी, रणदीप ठाकुर, कुणाल चौहान सहित अन्य कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।











