आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला( जुब्बल)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल की ग्राम पंचायत कोट काईना में दो महत्वपूर्ण संपर्क सड़कों का लोकार्पण किया। इनमें 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित संतोषीनगर से शोली काईन संपर्क मार्ग तथा 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित काईना से धरोट संपर्क मार्ग शामिल हैं।
गौरतलब है कि कोट काईना पंचायत में वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान 6 नई सड़कों का निर्माण किया गया है, जिन पर 4 करोड़ 30 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बुशहर क्षेत्र में 18 नई सड़कों का निर्माण भी किया गया है।
क्षेत्र में विकास कार्यों की प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 1 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झड़ग तथा 2 करोड़ 38 लाख रुपये से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारी का भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा ग्राम पंचायत मंढोल के अंतर्गत नाबार्ड से वित्तपोषित हरिजन बस्ती मंढोल से शेलापानी जोहटा सड़क का निर्माण कार्य भी जारी है।
जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में सड़कें विकास और समृद्धि की भाग्यरेखाएं हैं। उन्होंने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 550 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्य स्वीकृत हुए हैं और तेजी से प्रगति पर हैं।
उन्होंने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में सड़कों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में 171 नई सड़कों का निर्माण किया गया है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने मंढोल से हरिजन बस्ती पाछड़ा सड़क का निरीक्षण भी किया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में फल एवं सब्जी उत्पादक संघ के अध्यक्ष हरीश चौहान, पूर्व प्रधान ईश्वर सिंह ढोलता, निरंजन चौहान, रूपिंदर ढालटा, गोपाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।#RohitThakur
#ShimlaNews#KotKaina
#JubbalKotkhai#HimachalDevelopment
#RoadDevelopment#HimachalNews
#CongressGovernment#PublicWorks
#DevelopmentWorks#HimachalPradesh
#AdarshHimachal











