अंतर-पीढ़ी संवाद एवं सुरक्षित वृद्धावस्था विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

0
29

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

बिलासपुर । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, बिलासपुर द्वारा ग्राम देवली (घागस), उप-मंडल सदर, जिला बिलासपुर में अंतर-पीढ़ी संवाद कार्यक्रम एवं सुरक्षित वृद्धावस्था विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उप-मंडलाधिकारी (नागरिक), सदर बिलासपुर प्रियंका वर्मा ने की।इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों में बढ़ती आयु से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, डिजिटल साक्षरता को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं एवं बुजुर्गों के बीच संवाद को सशक्त बनाकर पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।

 

 

कार्यक्रम के प्रारम्भ में जिला कल्याण अधिकारी आर. सी. बंसल ने मुख्य अतिथि, गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में युवाओं से आह्वान किया कि वह अपने माता-पिता तथा दादा-दादी के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता बनाए रखें और उनके अनुभवों से सीख लें। उन्होंने कहा कि बड़ों का सम्मान भारतीय संस्कृति की आत्मा है। वरिष्ठ नागरिकों के प्रति विनम्र व्यवहार, उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनना, उनकी आवश्यकताओं को समझना तथा उनके अनुभवों को महत्व देना समाज को मजबूत बनाता है। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया गया, जिसमें बच्चों ने अपने दादा-दादी के साथ संबंधों पर उत्साहपूर्वक विचार साझा किए।
कार्यशाला का मंच संचालन एवं समन्वय तहसील कल्याण अधिकारी बबीता बंसल द्वारा किया गया। जिनके कुशल प्रबंधन से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सार्थक रूप से संपन्न हुआ।

 

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के संसाधन व्यक्तियों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। टेलीमेडिसिन तथा स्वास्थ्य एवं सामाजिक देखभाल विषय पर पंकज शर्मा द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। मिशन लिवलीहुड एवं जीविकोपार्जन से संबंधित जानकारी देश राज पुरी द्वारा दी गई। वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव पर साइबर सेल से जुड़े मुकेश पाठक एवं अंशुल ने उपयोगी जानकारी साझा की। वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग सेवाओं पर यूको बैंक से वी. के. श्रीमान ने मार्गदर्शन किया, जबकि नशा मुक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक भूमिका पर अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने अपने विचार रखे।
इन सत्रों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा, कानूनी संरक्षण, डिजिटल सतर्कता, वित्तीय जागरूकता एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें ओल्ड एज होम देवली के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा कंबल वितरित किए गए।

 

सभी प्रतिभागियों की सुविधा हेतु कार्यक्रम के दौरान चाय-नाश्ता एवं दोपहर के भोजन की समुचित व्यवस्था विभाग द्वारा की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान तथा नशा मुक्त हिमाचल के अंतर्गत सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण करना है।
कार्यक्रम में लगभग 130 प्रतिभागियों, जिनमें वरिष्ठ नागरिक, विद्यार्थी एवं युवा स्वयंसेवक शामिल थे, ने सहभागिता की। प्रमुख रूप से उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश दिनेश, वरिष्ठ नागरिक सभा के महासचिव मस्त राम वर्मा, के. एस. धीर, रछपाल सिंह, हुकम सिंह ठाकुर, मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश चंद बंसल, वी. के. धीमान, पंकज शर्मा, सुशील पुंडीर, देश राज पुरी, मुकेश पाठक एवं अंशुल सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सचिव रेड क्रॉस सोसायटी बिलासपुर अमित कुमार ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।