भाजपा ग्रामीण मंडल की संगठनात्मक बैठक आयोजित

0
3
आदर्श हिमाचल ब्यूरों 
शिमला शिमला ग्रामीण मंडल की संगठनात्मक बैठक पार्टी मुख्यालय में आयोजित हुई। इस दौरान मुख्य रूप से प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने शिरकत की। उन्होंने संगठन को मजबूत करने का सुझाव दिया। बैठक में संगठनात्मक विषयों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई एवं आगामी कार्यक्रमों की रूप रेखा को लेकर मार्गदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने मंडल में हुए कार्यक्रमों का वृत भी रखा।
कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कांग्रेस सरकार हिमाचल का खजाना खाली का रोना छोड़ दें। भाजपा सब जानती है कि राज्यों को केंद्र से कितना बजट मिलता है। केंद्र से यदि पैसा आना बंद हो जाए तो हिमाचल में कर्मचारियों तक को वेतन के लाले पड़ जायेंगे। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल विकास के नाम पर पिछड़ गया है। हर वर्ग को निराशा ही हाथ लगी है। कहा कि पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व में आज सभी बड़े देश भारत के साथ खड़े हैं। उन्होंने पहलगाम हमले की निंदा की। कहा कि हमले में मारे गए लोगों के परिजनों को न्याय मिलकर रहेगा।
पूर्व प्रत्याशी रवि मेहता ने सुक्खू सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता को ठगा गया। पहले झूठी गारंटी देकर और अब महंगाई का अतिरिक्त बोझ डालकर ठगने का कार्य कर रही है। 10 गारंटियों के नाम पर लीपापोथी करने का कार्य किया गया। उन्होंने बस किराए में की गई वृद्धि को भी गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि आज करीब 47 रूट ग्रामीण क्षेत्रों के बंद किए गए हैं। इससे लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोग इस सरकार से नाराज हैं।
मेहता ने कहा कि हिमाचल की निकम्मी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें। ढाई साल के कार्यकाल में ऐसा कोई वर्ग नहीं है जो परेशान नहीं हैं। पहले लोगों को झूठी गारंटियां से ठगा गया, अब यह अफवाह फैलाई जा रही है कि सरकार ने छह गारंटी पूरी कर ली है। जमीनी स्तर पर ऐसा कुछ भी नहीं है।
 जिला अध्यक्ष केशव चौहान सहित सभी कार्यकर्ता बैठक में मौजूद रहे।