ऊना में 3 अक्तूबर से शुरू होगी धान खरीद प्रक्रिया

0
16

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

ऊना| ऊना में धान की खरीद प्रक्रिया आगामी 3 अक्तूबर से आरंभ होकर 31 दिसम्बर 2025 तक चलेगी, यह जानकारी उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने दी। उन्होंने बताया कि धान की खरीद प्रदेश सरकार द्वारा अधिकृत मंडियों कृषि उपज विपणन समिति रामपुर, अनाज मंडी टकारला तथा टाहलीवाल में की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि किसान अपनी धान की फसल नजदीकी मंडियों में आसानी से बेच सकें, इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। पंजीकरण के लिए पोर्टल www.hpappp.nic.in चालू कर दिया गया है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें ताकि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो सके।

इस दौरान उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा धान (ग्रेड-ए) का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2,389 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है तथा किसानों को उनकी फसल का भुगतान 48 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। धान खरीद संबंधी अधिक जानकारी के लिए किसान जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कार्यालय ऊना (दूरभाष: 01975-226016) अथवा क्षेत्रीय प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम समिति हमीरपुर (दूरभाष: 01972-223922) से संपर्क कर सकते हैं।