आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला।SJVN Limited (एसजेवीएन) में पार्थजीत डे ने निदेशक (वित्त) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने उन्हें हार्दिक बधाई दी तथा संगठन में उनका स्वागत किया।
एसजेवीएन में शामिल होने से पूर्व डे NHPC Limited (एनएचपीसी) में कार्यरत थे, जहाँ उन्होंने निगम मुख्यालय में निगमित लेखा एवं नीति अनुभाग, निगमित कर प्रकोष्ठ तथा कर्मचारी लाभ न्यासों का दायित्व संभाला। इसके अतिरिक्त, वे एनएचपीसी की सहायक कंपनी लोकतक डाउनस्ट्रीम हाइड्रोइलेक्ट्रिक कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निदेशक मंडल में नामित निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे चुके हैं।
पार्थजीत डे ने नवंबर 1998 में एनएचपीसी में ट्रेनी अधिकारी (वित्त) के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। अपने 27 वर्षों से अधिक के अनुभव में उन्होंने निगमित लेखा, कराधान, वित्तीय प्रणालियों एवं अनुबंध प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्हें भारतीय लेखा मानकों, कराधान कानूनों, टैरिफ विनियमों एवं कॉरपोरेट प्रशासन का गहन ज्ञान है, जो विद्युत क्षेत्र की परियोजनाओं की योजना, विकास एवं संचालन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है।
उन्होंने रंगित प्रोजेक्ट (सिक्किम), तीस्ता लो डैम प्रोजेक्ट (पश्चिम बंगाल), सियांग बेसिन प्रोजेक्ट (अरुणाचल प्रदेश) तथा बिहार के ग्रामीण सड़क प्रोजेक्ट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अपनी सेवाएँ दी हैं। साथ ही, उन्होंने एनएचपीसी में भारतीय लेखा मानकों को अपनाने हेतु गठित समिति का सफल नेतृत्व भी किया।
डे Institute of Cost Accountants of India के फेलो सदस्य हैं तथा उनके पास चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) और सीजीएमए (CGMA) जैसी प्रतिष्ठित पेशेवर योग्यताएँ भी हैं।











