देहरा में पुलिस लाइन के निर्माण का रास्ता साफ, एक हेक्टेयर भूमि मिली

0
12

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

देहरा| देहरा पुलिस को अपनी पुलिस लाइन निर्माण की दिशा में बड़ी सफलता मिली है जिसमें प्रदेश सरकार ने ढलियारा में पुलिस लाइन के निर्माण के लिए पुलिस विभाग को एक हेक्टेयर भूमि औपचारिक रूप से प्रदान कर दी है। इस संबंध में उपायुक्त कांगड़ा द्वारा 25 सितंबर 2025 को भूमि हस्तांतरण के आदेश जारी किए गए। इस परियोजना को लेकर देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर लंबे समय से प्रयासरत थीं। उनके सतत प्रयासों और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की स्वीकृति के बाद यह भूमि पुलिस विभाग को आवंटित की गई है। पुलिस लाइन के अलावा, ढलियारा में ही प्रशासनिक भवन और खेल मैदान विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है। विभाग की ओर से इन संरचनाओं के लिए भी अतिरिक्त भूमि की मांग प्रदेश सरकार को भेजी जा चुकी है, और जल्द ही उसके भी हस्तांतरण की उम्मीद जताई जा रही है। इससे पहले सरकार द्वारा एसपी, एएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों के लिए आठ कनाल भूमि भी विभाग को प्रदान की जा चुकी है।

इस दौरान विधायक कमलेश ठाकुर ने भूमि आवंटन को देहरा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि, “देहरा के पुलिस जिला बनने के बाद अब अपनी पुलिस लाइन, खेल परिसर और प्रशासनिक भवनों की आवश्यकता थी, जो अब पूरी होती नजर आ रही है।” उन्होंने जानकारी दी कि लगभग तीन हेक्टेयर भूमि के प्रस्ताव में से फिलहाल एक हेक्टेयर भूमि पुलिस लाइन के लिए प्रदान की गई है, जबकि शेष भूमि के लिए भी जल्द सरकार से अनुरोध किया जाएगा। विधायक ने यह भी बताया कि पुलिस लाइन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द आरंभ की जाएगी, ताकि तय समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जा सके। यह पहल न केवल देहरा के पुलिस ढांचे को सशक्त बनाएगी, बल्कि स्थानीय विकास को भी गति प्रदान करेगी।