पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी, कांग्रेस सरकार द्वारा जनता की जेब पर हमला: अनुराग ठाकुर

0
11

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

दिल्ली /शिमला । पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ₹5 की बढ़ोतरी को लेकर तीखा हमला बोला है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का “खटाखट मॉडल” अब “खटारा मॉडल” बन चुका है, जो पूरी तरह विफल साबित हुआ है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर ₹5 की बढ़ोतरी आम आदमी की जेब पर सीधा हमला है, जिससे प्रदेश की जनता पर सालाना ₹1000 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ही दो चरणों में ₹10 से अधिक वैट बढ़ाया गया और अब ₹5 का सेस जोड़कर जनता पर कुल ₹15 का अतिरिक्त भार डाल दिया गया है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के शुरुआती महीनों में ही लगातार वैट में वृद्धि की गई। डीजल पर वैट बढ़ाकर ₹10.40 किया गया और इसके अतिरिक्त ₹5 का सेस लगाया गया। उन्होंने इसे हिमाचल के इतिहास में पहली ऐसी सरकार बताया जिसने आम जनता पर बार-बार आर्थिक बोझ डाला है।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, बस किराए और सीमेंट की कीमतों में पहले ही बढ़ोतरी की जा चुकी है और अब दोबारा ईंधन की कीमतों में वृद्धि कर हिमाचलवासियों के मासिक बजट पर अतिरिक्त दबाव डाला गया है।

 

उन्होंने कहा कि इस फैसले से ट्रक ड्राइवर, किसान, व्यापारी और आम नागरिक सभी प्रभावित हो रहे हैं, जबकि सरकार इस पर गंभीर नहीं दिख रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में एक ओर टैक्स का बोझ बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कर्ज का स्तर भी तेजी से बढ़ा है।

 

 

उनके अनुसार, हिमाचल प्रदेश पर कुल कर्ज लगभग ₹1.04 लाख करोड़ तक पहुंच चुका है, जिसमें से करीब ₹46 हजार करोड़ का कर्ज वर्तमान सरकार के कार्यकाल में लिया गया है।
अंत में उन्होंने कांग्रेस सरकार से जनहित में इस निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की।

 

📢
#AnuragThakur #FuelPriceHike #PetrolDiesel #HimachalPradesh #CongressGovernment #RahulGandhi #PriyankaGandhi #Mehngai #PublicBurden #AdarshHimachal