प्रतिभा सिंह ने पीएम मोदी से हिमाचल के लिए विशेष आर्थिक सहायता की अपील की

0
4

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के अनुरूप हिमाचल प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और प्रदेश को विशेष आर्थिक पैकेज जारी करने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से हो रहे जान-माल के नुकसान पर गहरी चिंता जताई और जनता से अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरतने का आग्रह किया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि तब तक सावधानी जरूरी है जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता और बारिश का कहर खत्म नहीं होता।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं से आपदा प्रभावितों की हरसंभव मदद करने की अपील की और भाजपा नेताओं से भी आग्रह किया कि वे राजनीति से ऊपर उठकर राहत कार्यों में प्रदेश सरकार का समर्थन करें। इसी के साथ प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री से कहा कि वे हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हुए आपदा प्रभावित प्रदेश को विशेष आर्थिक सहायता प्रदान करें और इस बार भी करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है, सड़कों, पुलों, पेयजल व बिजली आपूर्ति की बहाली बड़ी चुनौती है, जिसे प्रदेश सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी तत्परता से पूरा करने में जुटी है। उन्होंने केंद्र सरकार से प्रदेश को हर संभव मदद देने का अनुरोध किया है।