आदर्श हिमाचल ब्यूरों
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजीव राणा ने धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। राणा ने इसे “ओछी, हताश और स्तरहीन राजनीति” करार देते हुए कहा कि यह हिमाचल जैसी शालीन राजनीतिक संस्कृति पर कलंक है। राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू 75 लाख हिमाचल वासियों के सम्मान और जनभावनाओं का प्रतीक हैं, और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग हिमाचल की जनता का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अब मुद्दा-आधारित राजनीति छोड़कर व्यक्तिगत हमलों और गटर राजनीति पर उतर आया है, जो उनकी मानसिक कुंठा और राजनीतिक निराशा को दर्शाता है।
इस दौरान राजीव राणा ने स्पष्ट मांग की है कि मामले में संगठनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि सोशल मीडिया को राजनीति के गंदे माध्यम के रूप में न इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री सुक्खू के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट हैं और हिमाचल की राजनीति को मर्यादा, संवाद और जनहित की दिशा में आगे बढ़ाएंगे। प्रेस वार्ता में केकेसी हमीरपुर के अध्यक्ष विशाल राणा, युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष रजत राणा, सचिव सवन चिदा, नितिन राणा और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











