हिमाचल बजट 2026 पर प्रतिक्रिया: रमेश चंद भारद्वाज ने सुक्खू सरकार को दिए 10 में से 5 अंक

0
15

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

सरकाघाट। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा जारी बजट को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रत्याशी सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र रमेश चंद भारद्वाज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।उन्होंने एक सामाजिक व्यक्ति के नाते गैर-राजनीतिक तौर पर सुक्खू सरकार को 10 में से 5 अंक दिए हैं। उन्होंने कहा कि शेष 2 अंक तभी दिए जा सकते हैं, जब एक वर्ष के भीतर बजट में की गई घोषणाओं को धरातल पर लागू किया जाए, जो फिलहाल संभव नहीं प्रतीत होता।

 

 

रमेश चंद भारद्वाज, जो हिमाचल दिव्यांग कल्याण समिति के महासचिव तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रदेश प्रेस सचिव भी हैं, ने कहा कि इस बजट में केवल 100% दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई गई है, जबकि अन्य दिव्यांगों को नजरअंदाज किया गया है।

 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो सरकार चाहती हो कि 100% से कम दिव्यांगों को किसी प्रकार का लाभ न मिले, जबकि पिछले पांच वर्षों से पेंशन में कोई वृद्धि नहीं हुई है।इसके अलावा उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से बीमार लोगों, विधवाओं, अनुसूचित जाति वर्ग एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं दिखा।

 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बजट में अधिक ध्यान केवल सरकारी कर्मचारियों और सेवानिवृत्त वर्ग पर केंद्रित है, जबकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में निजी क्षेत्र के कर्मचारियों का योगदान भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में कार्यरत लोगों के हितों की अनदेखी करना अनुचित है और यह सामाजिक न्याय के विपरीत है।
📍 आदर्श हिमाचल ब्यूरो
#Himachal #Budget2026 #Sukhu #Sarkaghat #News