बेनकाब हो चुके हैं बागी नेता और भाजपा, प्रदेश की जनता देगी जवाब: निशांत

0
1
कांग्रेस से दगा करने वाले बर्खास्त विधायक हुए बेनकाब: निशांत शर्मा
कांग्रेस से दगा करने वाले बर्खास्त विधायक हुए बेनकाब: निशांत शर्मा
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला: युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता निशांत शर्मा ने कहा है कि भाजपा देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन गई है। यहां जारी एक बयान में निशांत शर्मा ने कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए कई तरह के अलोकतांत्रिक हथकंडे अपना रही है, जिससे देश में लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है।
उन्होंने कहा कि सत्ता की धौंस और ईडी-सीबीआई का खौफ दिखाकर भाजपा ने पिछले पांच सालों के दौरान कई राज्यों की सरकारें गिराईं। अब वह हिमाचल प्रदेश जैसे शांत राज्य में भी धनबल के सहारे प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू  की मजबूत लीडरशिप के आगे भाजपा की एक भी नहीं चल पा रही है।

निशांत शर्मा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 6 विधायकों ने पार्टी से दगा करके भाजपा प्रत्याशी को तो जिता दिया, लेकिन अब प्रदेश की जनता के समक्ष ये बेनकाब हो चुके हैं। आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में प्रदेश की जनता इन्हें करारा जवाब देगी। युकां प्रवक्ता ने कहा कि बर्खास्त विधायकों और भाजपा के काले कारनामों से हिमाचल प्रदेश जैसे शांत राज्य की छवि भी प्रभावित हुई है। प्रदेश की प्रबुद्ध जनता इन्हें कतई स्वीकार नहीं करेगी और आगामी चुनावों में इन्हें घर बिठाकर पूरे देश को एक बड़ा संदेश देगी। निशांत शर्मा ने कहा कि इन बागियों की एंट्री से भाजपा के कई नेता और आम कार्यकर्ता भी काफी आहत हैं। 

युकां प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जिसका कोई भी सिद्धांत नहीं है। आम जनता के हितों से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है और वह केवल एकछत्र राज के लिए धन-बल का सहारा ले रही है।  निशांत शर्मा ने कहा कि अब तक का इतिहास रहा है कि बागी-दागी किसी पार्टी विशेष के नहीं होते हैं। ये केवल अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए किसी भी पार्टी का मुखौटा ओढ़ लेते हैं।
निशांत शर्मा ने कहा कि अब भाजपा की कुटिल चालों को जनता व विशेषकर युवा वर्ग समझ चुका हैं तथा लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में इसका जबाव देने के लिए तैयार बैठा है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश को 14 माह के कार्यकाल में सुदृढ़ किया है तथा उनका दृढ़संकल्प आपदा के समय पूरी दुनिया ने देखा है। उन्होंने 10 में से 5 गारंटियां रिकार्ड समय में पूरी कर विभिन्नों वर्गों को लाभान्वित किया है तथा प्रदेश की जनता का दिल जीता है।