आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। पूर्वाह्न 11.30 बजे विधान सभा सचिवालय के मुख्य समिति कक्ष में माननीय अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश विधान सभा कुलदीप सिंह पठानियां की अध्यक्षता में हि0 प्र0 विधान सभा परिसर के अन्दर की आन्तरिक सुरक्षा सम्बन्धि समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, हि0 प्र0 सरकार औंकार शर्मा, पुलिस महानिदेशक, हि0 प्र0 अतुल वर्मा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था अभिषेक त्रिवेदी, विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा, पुलिस महानिरिक्षक सर्तकता संतोष पटियाल तथा पुलिस अधीक्षक जिला शिमला संजीव गांधी मौजूद थे।
हि0 प्र0 विधान सभा की आन्तरिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए यह बैठक काफी अहम थी। इस बैठक में सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विधान सभा अध्यक्ष द्वारा दिए गए आदेशों की पूर्णतया: अक्षरक्ष: परिपालना व विधानसभा के संचालन के दौरान दिए गए आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने हेतु गहन चर्चा करने उपरान्त यह निर्णय लिया गया कि विधान सभा की आन्तरिक सुरक्षा हेतु स्थाई सुरक्षा बल का गठन किया जाए जैसा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा तथा पंजाब विधान सभाओं में भी इस प्रकार की व्यवस्था मौजूद है ।
इसमें विभिन्न स्तर के सुरक्षा अधिकारियों तथा कर्मचारियो के स्थायी तौर पर पद सृजित करने का प्रस्ताव है तथा ये सभी अधिकारी तथा कर्मचारी विधान सभा सचिवालय के स्थाई कर्मी होंगे व सत्र के दौरान कार्य के अतिरिक्त यह सुरक्षा बल दोनों विधान सभा परिसरों की सुरक्षा को भी सुनिश्चित करेगा। इस तरह की व्यवस्थाएं देश के लगभग सभी राज्य विधान सभाओं में मौजूद है तथा हि0 प्र0 विधान सभा सचिवालय भी इसी तरह का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश, हरियाणा तथा पंजाब विधान सभाओं की तर्ज पर हि0 प्र0 सरकार को माननीय अध्यक्ष महोदय की स्वीकृति उपरान्त प्रेषित कर रही है।
इसके अतिरिक्त बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सत्र के दौरान विधान सभा की आन्तरिक सुरक्षा के लिए हि0 प्र0 सरकार द्वारा तैनात सभी सुरक्षा अधिकारियों व कर्मचारियों की सेवाएं प्रशासनिक तौर पर पूर्णतया: विधान सभा अध्यक्ष के अधीन रहेंगी ताकि वे विधान सभा अध्यक्ष के निर्देश पर जारी किए गए आदेशों की पूर्णतया: परिपालना कर सकें। बैठक के अन्त में अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए श्री पठानियां ने कहा कि दोनों विधानसभा परिसरों की सुरक्षा चाकचौबंध होनी चाहिए तथा सत्र के दौरान अनुशासन तथा सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो यह सुनिश्चित किया जाए ।