संजीवनी संस्था ने राज्यपाल को आमंत्रित किया, प्रस्तावित नशा मुक्ति कार्यशाला पर चर्चा

0
4

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। संजीवनी संस्था के प्रतिनिधि मंडल ने महामहिम राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें आगामी राज्य स्तरीय कार्यशाला के लिए औपचारिक आमंत्रण पत्र भेंट किया, जिसे राज्यपाल ने सादर स्वीकार किया। इस प्रतिनिधि मंडल में संस्था के अध्यक्ष महेन्द्र धर्माणी, सलाहकार ओ. पी. शर्मा, जोगिंद कंवर, महासचिव नरेश शर्मा और उपाध्यक्ष नितिन व्यास शामिल थे। इस प्रस्तावित कार्यशाला में चार सत्र आयोजित किए जाएंगे और प्रदेश भर की 17 स्वयंसेवी संस्थाओं से लगभग 150 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

इस दौरान कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता समाज में नशे के दुष्प्रभाव, विशेषकर विद्यार्थियों पर इसके प्रभाव और नशा मुक्ति के लिए प्रभावी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। संजीवनी संस्था, जो हिमाचल प्रदेश की 17 स्वयंसेवी संस्थाओं का एक समूह है, “चिट्टे पर चोट” अभियान के तहत इस कार्यशाला का आयोजन दिसंबर के पहले सप्ताह में विलोज बैंक होटल, द मॉल, शिमला में कर रही है। इसका उद्देश्य शिक्षा संस्थानों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के अन्य वर्गों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। संजीवनी संस्था ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यपाल महोदय के सहयोग से यह अभियान प्रदेश में नशा मुक्त समाज की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।