आदर्श हिमाचल ब्यूरों
सोलन| अर्की विधानसभा क्षेत्र के चंडी-कश्लोग में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर जनसंघ के समय से पार्टी से जुड़े 145 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया, इस समारोह में जिलाध्यक्ष रतन सिंह पाल, पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजू ठाकुर, ओ.पी. गांधी, मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, रीना भारद्वाज, वरिष्ठ नेत्री आशा परिहार, प्रतिभा कंवर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की और कठिन परिस्थितियों में पार्टी का झंडा बुलंद रखने के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश को दुनिया में अग्रिम पंक्ति पर खड़ा किया।
इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश सरकार ने हर मोर्चे पर नाकामी दिखाई है। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान केंद्र सरकार की ओर से दी गई राहत राशि प्रभावित परिवारों तक नहीं पहुंच पाई। 2023 में विस्थापित हुए लोगों को आज तक जमीन या मकान नहीं मिला है, वहीं 2025 में बेघर हुए परिवारों के साथ भी अन्याय जारी है। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश ने 42 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया, बावजूद इसके विकास कार्यों में ठहराव आया। कांग्रेस सरकार ने तीन साल का समय केवल मोदी सरकार की आलोचना में खर्च किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की 28 लाख बहनों को लगातार आर्थिक और सामाजिक शोषण झेलना पड़ा। केंद्र सरकार ने टैक्स घटाकर आम वस्तुओं को सस्ता किया, जबकि प्रदेश सरकार ने इसे महंगा करके जनता पर भारी बोझ डाला।
इसी तरह बेरोजगार युवाओं के मुद्दे पर डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले एक लाख सरकारी नौकरियों और पांच लाख रोजगार देने की घोषणा की थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद इसे पूरी तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया। उन्होंने आम जनता से आवाहन किया कि समय आ गया है कि जन-विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने की पहल की जाए।











