बद्दी में राज्य स्तरीय जल महोत्सव, हर घर जल और हर खेत सिंचाई पर जोर

0
26

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

सोलन । मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को शुद्ध पेयजल तथा हर खेत तक सिंचाई योग्य जल उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जल शक्ति विभाग निरंतर कार्यरत है।
उप मुख्यमंत्री आज दून विधानसभा क्षेत्र के बद्दी में विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जल महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 24×7 सेवाएं देने के लिए सराहना की।

 

इस अवसर पर उन्होंने दून और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में ट्यूबवेल संवर्धन एवं स्थापना हेतु 2-2 करोड़ रुपए की घोषणा की, जिसमें 1-1 करोड़ जल शक्ति विभाग तथा 1-1 करोड़ बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध करवाए जाएंगे। साथ ही दोनों क्षेत्रों में 50-50 अतिरिक्त पद भरने का आश्वासन भी दिया।

 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नालागढ़-बद्दी राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन निर्माण का मुद्दा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि कार्य शीघ्र आरंभ हो सके। उन्होंने कालका से बद्दी तक सड़क सुधार का विषय भी केंद्र सरकार के समक्ष रखने की बात कही।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक और 250 डीजल बसें खरीदी जा रही हैं, जिनका लाभ आवश्यकतानुसार दून एवं नालागढ़ क्षेत्रों को भी मिलेगा।

 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग द्वारा वर्तमान में 10,000 योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 6,000 करोड़ रुपए के कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 1,227 करोड़ रुपए केंद्र सरकार के पास लंबित हैं। इसके अतिरिक्त सभी विधानसभा क्षेत्रों में शुद्ध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 2,000 करोड़ रुपए की नई योजना तैयार की जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 500 ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं और गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति के लिए समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति विभाग की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “नीर नारी सम्मान” से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभाग के कर्मचारियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया गया।

 

दून के विधायक राम कुमार चौधरी तथा नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष रखा। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

#AadarshHimachal #WorldWaterDay #Baddi #Solan #MukeshAgnihotri #JalShakti #WaterConservation #HimachalNews #Development