आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । चैप्सली स्कूल, लक्कड़ बाजार तथा सम्भोट तिब्बतियन उच्च पाठशाला के छात्र-छात्राओं ने आज हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा। सदन की कार्यवाही देखने से पूर्व विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष Kuldeep Singh Pathania से काउंसिल चैम्बर के बाहर मुलाकात की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, भूमिका, गठन तथा स्पीकर के महत्व को समझने की जिज्ञासा व्यक्त की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष Kuldeep Singh Pathania ने सरल एवं सहज भाषा में बताया कि विधानसभा एक राज्य का कानून बनाने वाला सर्वोच्च मंच है, जहां विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए विधायक मिलकर जनता के हित में कानून बनाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को उदाहरण देते हुए समझाया कि जैसे स्कूल में अलग-अलग कक्षाएं होती हैं, वैसे ही राज्य में विभिन्न निर्वाचन क्षेत्र होते हैं, जहां से चुने गए प्रतिनिधि मिलकर विधानसभा का गठन करते हैं। उन्होंने बताया कि जिस दल के अधिक विधायक होते हैं, वह सरकार बनाता है और उसका नेतृत्व मुख्यमंत्री करते हैं।
अध्यक्ष ने आगे बताया कि विधानसभा में विधायक जनता की समस्याओं को उठाते हैं और सरकार से जवाब मांगते हैं। सरकार हर वर्ष बजट प्रस्तुत करती है, जिसमें आगामी योजनाओं और खर्च का विवरण होता है, जिसे विधानसभा द्वारा पारित किया जाता है।
उन्होंने स्पीकर की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्पीकर सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करता है, ठीक उसी प्रकार जैसे विद्यालय में प्राचार्य सभा का संचालन करते हैं। साथ ही उन्होंने विपक्ष की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विपक्ष सरकार के कार्यों पर नजर रखता है और जनता की आवाज को मजबूती से उठाता है।
Kuldeep Singh Pathania ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो नागरिकों को अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से शासन में भागीदारी का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उपमुख्य सचेतक Keval Singh Pathania, विधायक Vivek Sharma तथा मलेन्द्र राजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।











