11वें सत्र का सफल समापन, कई विधेयक पारित और महत्वपूर्ण चर्चाएं सम्पन्न – कुलदीप पठानिया

0
1

आदर्श हिमाचल ब्यूरो 

शिमला । विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शिमला में 11वें सत्र की समाप्ति के उपरांत मीडिया से बातचीत में बताया कि चौदहवीं विधानसभा का यह सत्र अपेक्षा के अनुरूप सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सत्र दो चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 16 बैठकों का आयोजन हुआ और कार्यवाही लगभग 90 घंटे तक चली, जिससे सत्र की उत्पादकता 103 प्रतिशत रही।

 

सत्र के दौरान पूर्व विधायक स्वर्गीय भगत राम चौहान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सदन द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस सत्र में कुल 617 प्रश्नों (471 तारांकित एवं 146 अतारांकित) के उत्तर सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए। विभिन्न नियमों के तहत अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई, साथ ही गैर सरकारी सदस्य दिवस भी आयोजित किया गया।

 

इस दौरान 9 सरकारी विधेयक पारित किए गए और समितियों के 60 प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत किए गए। सत्र के दौरान प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 649 विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति युवाओं की रुचि को दर्शाता है।

 

विधानसभा अध्यक्ष ने सदन के सुचारू संचालन के लिए मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu, नेता प्रतिपक्ष Jai Ram Thakur, उपमुख्यमंत्री, संसदीय कार्य मंत्री, सभापति तालिका के सदस्यों, सभी मंत्रियों, विधायकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

#हिमाचलप्रदेश #विधानसभा #सत्र #कुलदीपपठानिया #सुखविंदरसिंहसुक्खू #जयरामठाकुर #राजनीति #शिमला #समाचार #लोकतंत्र