सूरज रोहिल्ला को दिल्ली में किया गया नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत गौरव अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित

0
6
आदर्श हिमाचल ब्यूरो  
हरियाणा /जुलाना/जींद। देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम के नायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति में “नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत गौरव अवॉर्ड्स 2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन शाह ऑडिटोरियम, रजनीवास मार्ग, सिविल लाइंस, दिल्ली में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन डॉ. दीपक मित्तल, संस्थापक एवं चेयरमैन, उड़ान एक पहल फाउंडेशन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जींद जिले के गांव फतेहगढ़ के बॉक्सिंग खिलाड़ी और युवा समाजसेवी सूरज रोहिल्ला को खेलों के बेहतर प्रदर्शन करने और समाजसेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत गौरव अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया।
बता दें कि, सूरज को यह सम्मान नेपाल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने और सामाजिक कार्य जैसे पौधारोपण, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर का आयोजन और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करके युवाओं को प्रेरित करने पर दिया गया है।
सूरज ने संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. दीपक मित्तल और उड़ान एक पहल फाउंडेशन का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि, ऐसे ऐसे सम्मान मुझे निरंतर आगे बढ़ने को प्रेरित करते हैं।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और राष्ट्र के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित करना तथा युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के देशभक्ति, साहस, अनुशासन और त्याग के आदर्शों से प्रेरित रहा।
कार्यक्रम की शोभा मुख्य अतिथियों के रूप में यदविंदर सिंह संधू (शहीद भगत सिंह के पौत्र), लेफ्टिनेंट जनरल ए.बी. शिवाने, राज शेखावत (राष्ट्रीय करणी सेना), जय भगवान गोयल (यूनाइटेड हिंदू फ्रंट), महंत वरुण शर्मा (प्राचीन हनुमान मंदिर, मरघट वाले) एवं विनय चौधरी (भाजपा नेता) की गरिमामयी उपस्थिति से बढ़ी। समाज सेवा, शिक्षा, मानवाधिकार, राष्ट्र निर्माण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भारत गौरव अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।