आदर्श हिमाचल ब्यूरों
सोलन । करालघाट क्षेत्र में सूर देवता मंदिर के समीप एक युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सूचना मिली कि करालघाट में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है, जबकि कुछ दूरी पर एक युवती हेलमेट पहने अचेत अवस्था में पड़ी हुई है, जो प्रथम दृष्टया मृत प्रतीत हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट भोजनगर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
इसके बाद पुलिस थाना परवाणू के प्रभारी और एसडीपीओ परवाणू भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के दौरान दोनों मृतकों के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। युवक और युवती पिछले करीब दो साल से रिलेशनशिप में थे। मृतकों की पहचान याशिका लामा पुत्री राजू नेपाल और करण पुत्र लायक राम निवासी पदग्यानी सोलन के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमला राजू एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।











