आदर्श हिमाचल ब्यूरो
आनी/कुल्लू। आनी के तत्कालीन राजा रघुवीर सिंह के राज दर्जी रहे 99 वर्षीय तेज राम का शुक्रवार को आकमिक निधन हो गया। 27 सितंबर 2020 को परिजनों ने धूमधाम के साथ इनका सवा जीवन बसंत आयोजित किया। इनके साथ संवाद का सुखद संयोग प्राप्त हुआ। तन मन से स्वस्थ बुजुर्ग हर आगंतुक से शुभकामनाएं प्राप्त कर अपना स्वर्गारोहण पूर्व शुभ आशीष सभी को दे रहे थे।
बाल्यकाल से संघर्षपूर्ण जीवन जीते हुए एक विशाल परिवार के पिता ने आजादी से पूर्व और पश्चात का समय अनुभव किया और हर परिस्थिति के साथ अनुकूलन स्थापित करते हुए एक संतुलित जीवन जिया और हर बेटा- बेटी को शिक्षित कर आत्मनिर्भर भी बनाया।
आनी से शिमला तक पद यात्रा करने वाले बुजुर्ग की प्रारंभिक शिक्षा लाल पानी शिमला में हुई और पाकिस्तान के न्यूक्लियस बम अधिष्ठाता जुल्फिकार भुट्टो के सहपाठी भी रहे हैं। एक अंग्रेज के पास नौकरी की ! सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे! आज की शासन व्यवस्था अंग्रेजी राज से कम पारदर्शी मानते रहे! अपनी भांजी से विधानसभा चुनाव भी लड़वाया!;लेकिन विधायक बनाने का सपना पूरा नहीं हुआ!परिवार का पोषण करने के लिए टेलरिंग का काम और आवश्यकता पड़ने पर वन विभाग में भी मजदूरी की। विशालकाय परिवार और साधनों के अभाव में न हारे न थके और ताउम्र चेहरे पर तनाव का कोई चिन्ह किसी को महसूस नहीं होने दिया।
दिनचर्या का प्रारंभ प्रतिदिन गीता अध्ययन से करते हुए जीने की कला सिखा कर आज हमारे बुजुर्ग को परमपिता परमेश्वर का निजधाम निमंत्रण प्राप्त हुआ और अश्रुपूर्ण श्रद्धा के साथ हर आम और खास इन्हें विदाई देगा।
चुनौतीपूर्ण कार्य होता है हर संतान को एक पिता के लिए उसको संस्कारित बनाना। जिस चुनौती को स्वर्गीय तेज राम ने स्वीकार भी किया और पार भी किया। भगवान अपने पावन चरणों में इस दिवंगत आत्मा को स्थान दे चुके हैं इसमें किंचित संशय नहीं। हमारी संवेदना शोक संतप्त परिवार के साथ है।
कविरा जग में हम भए; जग हंसे हम रोए!
ऐसी करनी कर चलो; हम हंसे जग रोए!!