आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश में जल्द ही संगठन एक नए स्वरूप में दिखेगा। इसमें वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन,ऊर्जावान कर्मठ युवा कार्यकर्ताओं,
महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मदरियां दी जाएंगी। बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत किया जाएगा।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अपने पदभार संभालने से पहले उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को सम्बोधित करते हुए विनय कुमार ने कहा कि 50 साल बाद सिरमौर जिला को प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण कमान मिली है। इससे पूर्व यह सम्मान प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हिमाचल निर्माता स्वर्गीय डॉक्टर यशवंत सिंह परमार को मिला था। उन्होंने इसके लिये केंद्रीय आलाकमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, रजनी पाटिल सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री,पार्टी के सभी नेताओं, निवर्तमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो उम्मीद व अपेक्षा उनसे पार्टी ने रखी है उसे वह हर हाल में पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय प्रेम सिंह श्री रेणुका जी का छह बार प्रतिनिधित्व किया। अब वह भी विधायक के तौर पर इस क्षेत्र की सेवा कर रहें है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह सहित मंच पर बैठे वरिष्ठ नेताओं से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही है। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि वह सबको साथ लेकर,सरकार और संगठन के साथ साथ आम लोगों के बीच एक कड़ी का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारणी सहित जिला, ब्लॉक का गठन होगा। उन्होंने उनके सम्मान में आयोजित इस समारोह में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के निवर्तमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का तीन वर्ष का कार्यकाल बहुत अच्छा रहा और अब पूरा होने के बाद अब प्रदेश को विनय कुमार को यह कमान सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेता एकजुट है और तालमेल के साथ कार्य कर रहें हैं।
सुक्खू ने कहा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष में छह नामों का एक पैनल केंद्रीय आलाकमान के समक्ष गया था और आलाकमान ने पूरी तरह सोच विचार करने के बाद विनय कुमार का नाम तय किया।उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि विनय कुमार अपनी नई टीम के साथ संगठन को ओर भी मजबूत करेंगे।
सुक्खू ने कहा कि 11 दिसम्बर को मंडी में कांग्रेस 2027 के चुनावों के लिये प्रदेश के लोगों के सामने अपना विजन रखने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन चुनावों में फिर से सत्ता पर काबिज होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिकी को पटरी पर लाने के हरसंभव प्रयास किये जा रहें है और उन्हें खुशी है कि इसके सार्थक परिणाम आने लगे है। उन्होंने इस समारोह में आये सभी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और संगठन पहले भी एकजुटता के साथ कार्य कर रहा था और आगे भी करता रहेगा
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉक्टर यशवंत सिंह परमार,ठाकुर रामलाल व वीरभद्र सिंह की एक ऐसी मजबूत विचारधारा है जो प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत बनाये हुए है। उन्होंने कहा कि निवर्तमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपने कार्यकाल में संगठन के लिये मजबूती से कार्य किया। उन्ही के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत सरकार बनी। उन्होंने विनय कुमार को इस नई जिम्मेवारी की बधाई देते हुए कहा कि सिरमौर जिला में कांग्रेस की मजबूत विरासत है और अब विनय कुमार से इसे ओर मजबूती मिलेगी।
निवर्तमान अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने विनय कुमार को इस पद की बधाई देते उम्मीद जताई कि वह सबको साथ लेकर आगे चलेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रदेश के सभी क्षेत्रों का दौरा कर संगठन की मजबूती के लिये कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश में कांग्रेस का एक मजबूत संगठन है। उन्होंने विनय कुमार से संगठन में महिलाओं और युवाओं को कार्यकारणी में महत्वपूर्ण जिम्मदरिया देने की सलाह देते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द ही नगर निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव होने वाले है इसके लिए पार्टी को अभी से पूरी तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि 2027 में होने वाले चुनावों के लिए भी अभी से कमर कसनी होंगी।
प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने इस दौरान कहा कि प्रदेश को एक नया ऊर्जावान युवा अध्यक्ष मिला है ।उन्होंने सभी से उन्हें पूरा सहयोग देने का आग्रह करते हुए कहा कि जिस तरह से पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने संगठन की मजबूती के लिये कार्य किया ठीक उसी प्रकार विनय कुमार भी आगे बढ़ते हुए संगठन को मजबूत करेंगे।
——————
समारोह के बाद प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया।
सभी नेताओं ने इस अवसर पर विनय कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।











