वर्तमान कांग्रेस सरकार को विधानसभा में घेरा, अब विधानसभा और बूथ पर भी घेरेंगे : श्रीकांत

0
23

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला| भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने मंगलवार को शिमला में भाजपा विधायक दल की विशेष बैठक में भाग लिया। इस बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने की। इस दौरान कांग्रेस सरकार को विधानसभा और जनमानस में घेरने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। श्रीकांत शर्मा ने बैठक में भाजपा विधायकों की सक्रियता और विपक्ष की भूमिका को लेकर प्रशंसा करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में जिस प्रकार से भाजपा विधायक दल ने कांग्रेस सरकार को सदन में जवाबदेह ठहराया है, उससे कांग्रेस पूरी तरह एक्सपोज हुई है।

इस दौरान श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि झूठ बोलना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी तक, सभी जनता को गुमराह कर रहे हैं। “झूठ बोलना कांग्रेस के डीएनए में है और कांग्रेस सरकार पर सभी वर्गों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इसे विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक जनता के बीच लेकर जाएगी। श्रीकांत शर्मा ने कहा, “भाजपा और कांग्रेस में फर्क है। कांग्रेस अमावस्या की तरह अंधकार फैलाती है, जबकि भाजपा पूर्णिमा की तरह उजाला करती है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद भारतीय राजनीति में सकारात्मक परिवर्तन आया है। भाजपा ने देश को उत्तरदायी, उत्तरदायित्वपूर्ण और रिपोर्ट कार्ड आधारित शासन दिया है। उन्होंने कहा कि विरोधी भी भाजपा की राष्ट्रीयता और संगठनात्मक शक्ति को स्वीकार करते हैं। इस बैठक में भाजपा के आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई, जिसमें “सेवा पखवाड़ा” और “संघ शताब्दी वर्ष” प्रमुख रहे। इसके अलावा प्रदेश सरकार की कथित विफलताओं जैसे कर्मचारियों के डीए, युवाओं से रोजगार में धोखा, लॉटरी घोटाले, आपदा राहत राशि के दावों जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, रणधीर शर्मा, सतपाल सत्ती, विनोद कुमार, हंसराज, इंदर दत्त लखनपाल, बिक्रम ठाकुर, सुखराम चौधरी, पवन काजल, जनक राज, डीएस ठाकुर, त्रिलोक जमवाल, राकेश जमवाल, अनिल शर्मा, सुधीर शर्मा, सुरेंद्र शौरी, रीना कश्यप, दिलीप ठाकुर, दीप राज कपूर, आशीष शर्मा और लोकेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।